नैनीताल - 23 सितंबर को स्कूल-कॉलेज रहेंगे बंद, डीएम ने जारी किए आदेश, इस वजह ने लिया गया निर्णय
नैनीताल - ऐतिहासिक श्री नंदा देवी महोत्सव के समापन और मां नंदा-सुनंदा के डोला विसर्जन को देखते हुए नैनीताल नगर क्षेत्र के सभी शिक्षण संस्थानों में 23 सितंबर को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है। जिलाधिकारी ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए सरकारी, अशासकीय, निजी विद्यालयों और महाविद्यालयों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
महोत्सव के समापन अवसर पर 23 सितंबर को नैनीताल में मां नंदा-सुनंदा के डोले के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद धार्मिक विधि-विधान के साथ डोला विसर्जन का कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है।
जिलाधिकारी के अनुसार, महोत्सव के दौरान नगर क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ने और आवागमन प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा तथा उनके सुगम आवागमन के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।
अवकाश का आदेश नैनीताल नगर क्षेत्र में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय, गैर-सरकारी (निजी) विद्यालयों एवं महाविद्यालयों पर लागू होगा। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को संबंधित सभी शिक्षण संस्थानों में आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।


