नैनीताल - दुष्कर्म मामले में मुस्लिम समाज का सख्त रुख, आरोपी उस्मान ठेकेदार का कर दिया सामाजिक बहिष्कार

नैनीताल - सरोवर नगरी में 12 वर्षीय बालिका के साथ हुए दुष्कर्म की घटना से शहर में आक्रोश की लहर है। इस अमानवीय कृत्य के खिलाफ मुस्लिम समाज ने न सिर्फ कड़ा रुख अपनाया है, बल्कि आरोपी उस्मान ठेकेदार का सार्वजनिक और सामाजिक बहिष्कार भी कर दिया है। साथ ही उसके धार्मिक स्थल पर आने पर भी रोक लगेगी।

अंजुमन इस्लामिया के सदर शोएब शम्सी ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर घटना की तीव्र निंदा की। उन्होंने कहा, "गुनाहगार का कोई मजहब नहीं होता। आरोपी उस्मान को समाज से पूरी तरह बाहर कर दिया गया है। हम पीड़िता के परिवार के साथ खड़े हैं।" शम्सी ने यह भी घोषणा की कि अंजुमन इस्लामिया पीड़िता की चिकित्सा व शिक्षा से संबंधित सभी खर्चों को उठाएगी।

उन्होंने कहा कि समाज में भारी गुस्सा है, लेकिन नैनीताल की गंगा-जमुनी तहज़ीब और आपसी सौहार्द को बनाए रखना भी जरूरी है। उन्होंने सभी समुदायों से शांति और संयम बरतने की अपील की। प्रेस वार्ता में अंजुमन इस्लामिया के महासचिव जमाल सिद्दीकी, अधिवक्ता सुहेल सिद्दीकी, पूर्व सदर फारूक अहमद, उपाध्यक्ष हारून खान पम्मी, और व्यापार मंडल उपाध्यक्ष रईस खान समेत कई समाजसेवियों ने भाग लिया। सभी ने आरोपी की कड़ी निंदा करते हुए न्यायपालिका से त्वरित और सख्त सजा की मांग की। इस बीच पुलिस ने आरोपी उस्मान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, शहर की जनता अब पीड़िता को त्वरित न्याय दिलाए जाने की प्रतीक्षा कर रही है।