नैनीताल - 50 गुना कमाई के बाद ‘हनुमान अंश’ के पार्ट-2 की तैयारी, विश्व प्रसिद्ध कैची धाम बन सकता है कहानी का केंद्र

 | 
नैनीताल - 50 गुना कमाई के बाद ‘हनुमान अंश’ के पार्ट-2 की तैयारी, विश्व प्रसिद्ध कैची धाम बन सकता है कहानी का केंद्र

नैनीताल - बाबा नीब करौरी की आध्यात्मिक यात्रा पर बनी कम बजट की फिल्म ‘हनुमान अंश’ की अप्रत्याशित सफलता के बाद अब इसके दूसरे भाग को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। फिल्म के निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने पार्ट-2 बनाने की घोषणा कर दी है। निर्देशक के कई पॉडकास्ट भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें फिल्म के अगले भाग और बाबा नीब करौरी के जीवन के आगे के अध्यायों को कहानी में शामिल किए जाने को लेकर चर्चा की गई है। पार्ट-2 को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि बाबा नीब करौरी के जीवन का कौन सा महत्वपूर्ण दौर फिल्म का हिस्सा बनेगा। बाबा की आध्यात्मिक पहचान और जीवन में कैंची धाम की केंद्रीय भूमिका को देखते हुए माना जा रहा है कि फिल्म का अगला अध्याय कैची धाम के इर्द-गिर्द विकसित हो सकता है। 

बाबा नीब करौरी का नैनीताल जिले से गहरा आध्यात्मिक संबंध रहा है। जिले में बाबा से जुड़े चार प्रमुख धाम बताए जाते हैं। इनमें कैची धाम, काकड़ी घाट, हनुमान गढ़ी और भूमियाधार शामिल हैं। इनमें कैची धाम आज देश-विदेश में बाबा के अनुयायियों के लिए प्रमुख आस्था केंद्र बन चुका है। उपलब्ध जीवनी स्रोतों के अनुसार बाबा नीब करौरी 1960 के दशक की शुरुआत में कैची पहुंचे थे। वर्ष 1964 में यहां हनुमान मंदिर और आश्रम की स्थापना हुई। जीवन के अंतिम वर्षों में कैची बाबा का प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र रहा। ऐसे में फिल्म के दूसरे भाग में यदि उनके जीवन के आगे के वर्षों को विस्तार से दिखाया जाता है तो कैची धाम कहानी का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव बन सकता है।

करीब दो करोड़ के बजट से 100 करोड़ तक पहुंची कमाई - 
‘हनुमान अंश’ की सफलता ने फिल्म उद्योग को भी चौंकाया है। करीब दो करोड़ रुपये के आसपास के बजट में बनी इस फिल्म को शुरुआत में सीमित स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया था। शुरुआती सप्ताह में फिल्म के शो और स्क्रीन घटकर करीब 25 तक रह गए थे। इसके बाद दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया और वर्ड ऑफ माउथ ने फिल्म की तस्वीर बदल दी। उत्तराखंड में भी फिल्म को लेकर लोगों में काफी क्रेज दिख रहा है, अधिकतर सिनेमा घरों में हाउस फुल हैं, इसी को देखते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे राज्य में टैक्स फ्री कर दिया है। 

चौथे सप्ताह तक फिल्म करीब 1,200 स्क्रीन्स तक पहुंच गई। अलग-अलग उद्योग स्रोतों में फिल्म की कमाई के आंकड़ों में अंतर बताया गया है, लेकिन चार सितंबर तक फिल्म के करीब 100 करोड़ रुपये का कारोबार करने का दावा सामने आया है। इस लिहाज से फिल्म अपनी लागत से 50 गुना से अधिक कारोबार करने वाली बड़ी सरप्राइज हिट बन गई है। फिल्म की सफलता की तुलना ‘कांतारा’, ‘द कश्मीर फाइल्स’, ‘प्रेमलु’ और ‘लव टुडे’ जैसी फिल्मों से भी की जा रही है, जिन्होंने अपेक्षाकृत कम लागत के मुकाबले कई गुना अधिक कारोबार किया था।

अचानक बदल गई मुख्य अभिनेता की भूमिका - 
‘हनुमान अंश’ की कहानी में फिल्म के मुख्य किरदार की कास्टिंग भी बेहद दिलचस्प रही। बाबा नीब करौरी का किरदार निभाने के लिए चुना गया अभिनेता अचानक बीमार पड़ गया। उस समय शूटिंग सेट तैयार था और बड़ी संख्या में कलाकार व तकनीशियन मौजूद थे। शूटिंग रोकना आसान नहीं था।
ऐसे में निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने फिल्म के सेकेंड असिस्टेंट डायरेक्टर शोभिनव सत्या को स्क्रीन टेस्ट देने के लिए कहा। करीब पांच घंटे तक चले स्क्रीन टेस्ट के बाद निर्देशक को लगा कि शोभिनव इस भूमिका के लिए उपयुक्त हैं। इसके बाद उन्होंने ही बाबा नीब करौरी की मुख्य भूमिका निभाई।

फिल्म रिलीज होने के बाद शोभिनव सत्या बाबा के किरदार को लेकर काफी चर्चा में आए। एक तकनीशियन से मुख्य अभिनेता तक का उनका यह सफर फिल्म से जुड़ी सबसे रोचक कहानियों में शामिल हो गया।

शूटिंग के दौरान रखा गया आध्यात्मिक अनुशासन - 
निर्देशक के मुताबिक फिल्म की शूटिंग के दौरान सेट पर विशेष अनुशासन का पालन किया गया। सेट पर गाली-गलौज, शराब पीने, झगड़े और बहस की अनुमति नहीं थी। कलाकारों और तकनीशियनों के लिए केवल शाकाहारी भोजन रखा गया। शूटिंग की शुरुआत और समापन भी हर दिन हनुमान चालीसा के पाठ के साथ किया जाता था।

अब फिल्म की अप्रत्याशित सफलता के बाद दर्शकों की नजर पार्ट-2 पर है। बाबा नीब करौरी के जीवन के आगे के अध्यायों को पर्दे पर उतारने की तैयारी के बीच कैची धाम को कहानी में कितनी प्रमुखता मिलती है, यह फिल्म की अगली सबसे बड़ी उत्सुकता बन गई है।

 

 

WhatsApp Group Join Now