नैनीताल - हाथी ने भगाया तो युवक ने बाइक छोड़ बचाई जान, लापरवाही पड़ी भारी, वायरल हुआ वीडियो
रामनगर - कार्बेट टाइगर रिजर्व के ढेला मार्ग पर रविवार सुबह एक बाइक सवार की लापरवाही उसकी जान पर भारी पड़ सकती थी। सड़क पर मौजूद हाथी के बेहद नजदीक से जबरन निकलने की कोशिश में युवक हाथी के हमले का शिकार होने से बाल-बाल बच गया। हाथी ने बाइक सवार का पीछा किया, जिसके बाद युवक बाइक छोड़कर किसी तरह जान बचाकर भागा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार शाम से ही ढेला क्षेत्र में हाथियों का झुंड देखा गया था। रविवार सुबह एक हाथी ढेला मार्ग पर आ गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रुक गई। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक ने चेतावनी के बावजूद हाथी के पास से निकलने का प्रयास किया।
युवक को नजदीक आता देख हाथी ने उसकी ओर दौड़ लगा दी। युवक ने बाइक मोड़कर तेज गति से भागने की कोशिश की, लेकिन बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद युवक बाइक मौके पर छोड़कर भागा और जान बचाई। घटना का वीडियो वहां मौजूद कुछ लोगों ने बना लिया।
ढेला रेंज के वन कर्मियों के अनुसार हाथी के कारण मार्ग पर कई वाहन रुके हुए थे, लेकिन बाइक सवार ने लापरवाही दिखाते हुए हाथी के बेहद पास पहुंचने की कोशिश की। कुछ देर बाद हाथी जंगल की ओर चला गया। कार्बेट प्रशासन बाइक सवार की पहचान करने का प्रयास कर रहा है और लोगों से वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।
