नैनीताल - दोस्तों के साथ घूमने आया 12वीं का छात्र चीना पीक से हुआ गायब, तलाश में जुटी पुलिस और SDRF की टीमें
नैनीताल- रुद्रपुर से दोस्तों के साथ नैनीताल घूमने आए 12वीं के छात्र के चीना पीक क्षेत्र में लापता होने की घटना से हड़कंप मचा हुआ है। छात्र मंगलवार देर रात से गायब है, जबकि पुलिस और एसडीआरएफ की टीम बीती रात से लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई है, लेकिन बुधवार सुबह तक कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया। जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर निवासी 12वीं के छात्र जयश कार्की अपने पांच दोस्तों के साथ मंगलवार को नैनीताल घूमने पहुंचा था। शाम के समय सभी घूमने के लिए चीना पीक और कैमल्स बैक की ओर निकल गए। बताया गया कि जयश अपने तीन साथियों के साथ चीना पीक की ओर गया, जबकि दो अन्य दोस्त कैमल्स बैक चले गए।
देर रात चीना पीक से लौटते समय जयश ईयरफोन लगाकर गाने सुनते हुए अपने साथियों से आगे निकल गया। जब बाकी साथी गेट के पास पहुंचे तो जयश वहां मौजूद नहीं था। दोस्तों ने उसे कॉल करने की कोशिश की, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने देर रात से लेकर सुबह तक चीना पीक के जंगलों में खोजबीन अभियान चलाया, मगर छात्रों का कोई पता नहीं चल पाया।
एसएसआई दीपक बिष्ट ने बताया कि युवक की तलाश लगातार जारी है और टीम इलाके में सर्च ऑपरेशन कर रही है। हालांकि, सुबह तक भी लापता छात्र के संबंध में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि यदि छात्र के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
