नैनीताल - एक दिन में टूटा चार माह की बारिश का रिकॉर्ड, नाले उफान पर, होटलों में पर्यटक हुए कैद
नैनीताल - मौसम भी अजब रंग दिखा रहा है। शीतकाल में सूखा तो गर्मियों में मानसून जैसे हालात आम हो गए है। शहर में मौसम विभाग की चेतावनी सटीक साबित हुई। बीती रात से मूसलाधार वर्षा हो रही है। चार माह से शांत पड़े नाले उफान पर है। जिससे भारी मात्रा में पानी के साथ कूड़ा भी झील में समा गया है। मूसलाधार वर्षा से सुबह से ही जनजीवन अस्त व्यस्त है।
बता दें कि मौसम विभाग ने बुधवार से जिले में वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया था, जो बिल्कुल सटीक साबित हुआ। बीती रात से ही हल्की रिमझिम वर्षा तड़के तेज हो गई। मूसलाधार वर्षा के चलते शहर के नाले उफान में है। जिससे रोजमर्रा के कार्यों के लिए आवाजाही करने वाले लोगों को फजीहत उठानी पड़ रही है। सैर सपाटे को पहुंचे पर्यटक भी होटलों में कैद होने को मजबूर है।
चार माह जितनी वर्षा एक ही दिन में हुई रिकॉर्ड -
शहर में शीतकाल सूखा रहा। महज एक बार बर्फबारी व सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई। शीतकाल के चार माह जितनी वर्षा बीते कुछ ही घंटो में रिकॉर्ड हो गई।
झील के जलस्तर में सुधार-
गर्मियों में अमूमन झील के जलस्तर में गिरावट ही देखने को मिलती है। लेकिन बीती रात से हो रही वर्षा से झील की सेहत सुधर रही है। कुछ घंटो की वर्षा के बाद झील के जलस्तर में करीब एक इंच की बढ़ोतरी हुई है। झील का जलस्तर बढ़कर 80.4 फीट पहुंच गया है।
