नैनीताल - भारी बारिश से जिले में 25 मार्ग बंद, आवाजाही प्रभावित, पहाड़ में सफर करने से पहले देख लें अपडेट
नैनीताल - जिले में लगातार हो रही बारिश का असर सड़क व्यवस्था पर पड़ने लगा है। भूस्खलन और मलबा आने के कारण नैनीताल जिले में 25 सड़क मार्ग बंद हो गए हैं। इनमें 5 राज्य मार्ग और 20 ग्रामीण मार्ग शामिल हैं। बंद सड़कों के कारण कई क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, नैनीताल की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार 31 अगस्त 2026 की सुबह 9:30 बजे तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे में कई स्थानों पर तेज बारिश हुई, जिसमें घोड़ाखाल क्षेत्र में सर्वाधिक 154 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं नैनीताल में 43 मिमी, भीमताल में 50 मिमी, रामनगर में 5.8 मिमी, मुक्तेश्वर में 55.1 मिमी सहित अन्य क्षेत्रों में भी बारिश रिकॉर्ड की गई।

भारी बारिश के चलते कई स्थानों पर भूस्खलन और मलबा आने से सड़कें बाधित हो गई हैं। बंद मार्गों को खोलने के लिए संबंधित विभागों की ओर से कार्रवाई की जा रही है। रिपोर्ट में बंद मार्गों को खोलने के लिए विभागीय टीमों के प्रयास जारी रहने की बात कही गई है।
बारिश के कारण जिले में जनजीवन पर असर पड़ा है, हालांकि विद्युत और पेयजल आपूर्ति सामान्य बताई गई है। जिला प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान पहाड़ी मार्गों पर सावधानी बरतने की अपील की है।


