हल्द्वानी - गौला बाईपास पर स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार की दर्दनाक मौत, मौके पर तोड़ा दम
हल्द्वानी - बनभूलपुरा कोतवाली क्षेत्र के गौला बाईपास रोड पर सोमवार सुबह स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इंदिरा नगर रेलवे फाटक के सामने सुबह करीब 9:30 बजे हुआ। मृतक की पहचान प्रदीप हलदार (पुत्र अनंत हलदार), निवासी गोविंदनगर, शक्तिफार्म, ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, बाइक संख्या UK 06 BK 0927 का चालक गौला बाईपास से शनि बाजार रोड की ओर जाने के लिए बाइक मोड़ रहा था। इसी दौरान तेज टक्कर के साथ स्कॉर्पियो ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर बनभूलपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को एंबुलेंस के माध्यम से भिजवाया। तलाशी के दौरान मृतक के पास से नकदी और अन्य जरूरी सामान भी बरामद हुआ। गौरतलब है कि गौला बाईपास रोड पर पिछले दिन भी सड़क हादसा हुआ था। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के चलते इस मार्ग पर यातायात सुरक्षा और सड़क हादसों की रोकथाम को लेकर सवाल उठने लगे हैं।



