उत्तराखंड - पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर में मासूम बच्चियों से छेड़छाड़, ठेका कर्मी गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट में तीन मुकदमे दर्ज

 | 
उत्तराखंड - पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर में मासूम बच्चियों से छेड़छाड़, ठेका कर्मी गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट में तीन मुकदमे दर्ज

रुद्रपुर - पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर में मासूम बच्चियों के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। पुलिस ने पीड़ित परिवारों की शिकायत पर विश्वविद्यालय के वेटरनरी विभाग में कार्यरत ठेका कर्मी दीपक शर्मा निवासी जवाहर नगर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं।

पुलिस के अनुसार बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे विश्वविद्यालय परिसर की वीआईपी रोड स्थित फूलबाग क्षेत्र में आरोपी बाइक से पहुंचा। आरोप है कि उसने खेल रही तीन मासूम बच्चियों को टॉफी का लालच देकर अपने पास बुलाया और उनके साथ अश्लील हरकत की। डरी-सहमी बच्चियां किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंचीं और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन आरोपी की तलाश में निकल पड़े, लेकिन वह मौके से फरार हो गया। इस दौरान स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी सामने आई कि आरोपी ने अन्य बच्चों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया था, जिससे लोगों का गुस्सा बढ़ गया।

आक्रोशित लोगों ने पहले विश्वविद्यालय के सुरक्षा विभाग के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और बाद में पंतनगर कोतवाली पहुंचकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी इस तरह की हरकत कर चुका था, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं की गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों पीड़ित परिवारों की तहरीर पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए और देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नियमित गश्त बढ़ाने, संविदा कर्मियों का सत्यापन कराने और बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

WhatsApp Group Join Now