हल्द्वानी -  बनभूलपुरा में मेडिकल स्टोर पर पड़ा छापा, प्रतिबंधित दवाइयाँ बरामद, पारदर्शिता पर उठे सवाल

 | 
हल्द्वानी -  बनभूलपुरा में मेडिकल स्टोर पर पड़ा छापा, प्रतिबंधित दवाइयाँ बरामद, पारदर्शिता पर उठे सवाल

हल्द्वानी -  नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन, औषधि विभाग और पुलिस ने शुक्रवार को हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में मेडिकल स्टोर्स पर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान इंदिरानगर छोटी रोड स्थित केजीएन मेडिकल स्टोर से प्रतिबंधित दवाइयाँ बरामद की गईं। छापेमारी की यह कार्रवाई तहसीलदार मनीषा बिष्ट और औषधि निरीक्षक मीनाक्षी बिष्ट के नेतृत्व में की गई। टीम ने मौके से संदिग्ध दवाइयों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।

तीन घंटे बाद आया आधिकारिक बयान - 
कार्रवाई की शुरुआत के करीब तीन घंटे बाद, औषधि निरीक्षक ने मीडिया से संक्षिप्त बात करते हुए केवल इतना कहा कि “कार्यवाही अभी गतिमान है, पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।” जब मीडिया द्वारा बरामद दवाइयों की संख्या और प्रकार को लेकर स्पष्ट जानकारी मांगी गई, तो निरीक्षक गोलमोल जवाब देती नजर आईं। इस स्थिति ने पूरे अभियान की पारदर्शिता और गंभीरता पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।


स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया - 
स्थानीय लोगों का कहना है कि "ड्रग फ्री उत्तराखंड" जैसे अभियानों को प्रभावी तभी बनाया जा सकता है जब कार्रवाई पारदर्शी हो और जनता को त्वरित जानकारी दी जाए। एक निवासी ने कहा, “कार्रवाई हो रही है ये अच्छा है, लेकिन अगर जानकारी ही नहीं दी जाएगी तो लोगों का भरोसा कैसे बनेगा?”

 

प्रशासन की ओर से दावा किया गया है कि जांच पूरी होने के बाद मेडिकल स्टोर को सील कर दिया जाएगा। हालांकि, अब तक बरामद दवाइयों की सटीक संख्या और प्रकृति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है, जिससे पूरे अभियान को लेकर संदेह की स्थिति बनी हुई है। हल्द्वानी समेत उत्तराखंड के कई इलाकों में नशीली दवाओं के बढ़ते दुरुपयोग और अवैध बिक्री को लेकर प्रशासन सतर्क है। औषधि विभाग द्वारा समय-समय पर छापेमारी की जा रही है, लेकिन जानकारी साझा न करने की प्रवृत्ति से जनता में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

WhatsApp Group Join Now