हल्द्वानी - जूता शोरूम में भीषण आग, लाखों का सामान राख, एक महीने में आग की चौथी बड़ी घटना, व्यापारियों में बढ़ी चिंता
हल्द्वानी - शहर के व्यस्त मीरा मार्ग स्थित एक जूता शोरूम में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन शोरूम को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है। गौरतलब है कि हीरानगर स्थित एक निजी विद्यालय में बसों पर भी मंगलवार शाम को आग लगने की घटना के कुछ घंटों बाद ही शहर के मुख्य बाजार में यह दूसरी बड़ी अग्निकांड की घटना सामने आई है। लगातार हो रही आग की घटनाओं ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार मीरा मार्ग स्थित माशा शूज नामक शोरूम में देर रात अचानक आग भड़क उठी। उस समय दुकान बंद थी। आसपास के व्यापारियों ने दुकान के भीतर से धुआं निकलता देखा तो तत्काल पुलिस और फायर सर्विस को सूचना दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। बाजार क्षेत्र घनी आबादी और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से घिरा होने के कारण आग के आसपास की दुकानों तक फैलने का खतरा बना हुआ था। हालांकि दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर नियंत्रण पाकर बड़ा हादसा टाल दिया।
बताया जा रहा है कि यह शोरूम समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रभारी हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी के पुत्र सुमेर सिद्दीकी का है। आग के कारण शोरूम में रखा जूते-चप्पलों का स्टॉक, पैकिंग सामग्री और अन्य सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार नुकसान लाखों रुपये में बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक क्षति का आंकलन अभी किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी और लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए यातायात व्यवस्था संभाली, जबकि फायर कर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य जारी रखा।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) अमित कुमार ने बताया कि मंगलवार देर रात मीरा मार्ग स्थित जूता शोरूम में अज्ञात कारणों से आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है तथा नुकसान का आकलन फायर विभाग द्वारा किया जा रहा है।
गौरतलब है कि बीते कुछ सप्ताह में हल्द्वानी में आग लगने की कई बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 2 जून 2026 को तिकोनिया चौराहे स्थित एक शराब की दुकान और उसके गोदाम में भीषण आग लग गई थी, जिसमें करोड़ों रुपये का माल जलकर राख हो गया था। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण माना गया था।
इसके बाद 6 जून 2026 को रामपुर रोड स्थित अमेजन के वेयरहाउस में देर रात भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में गोदाम के भीतर मौजूद दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई थी। आग पर कई घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया गया था और घटना की जांच शुरू की गई थी।
