उत्तराखंड - भारतीय सेना के मेजर शुभम की सड़क हादसे में मौत, यहां खाई में गिरी कार
उत्तराखंड - चकराता क्षेत्र में शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में भारतीय सेना के एक होनहार अधिकारी की जान चली गई। छावनी क्षेत्र में तैनात मेजर शुभम सैनी की कार अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। गंभीर रूप से घायल मेजर को सैनिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार 27 वर्षीय मेजर शुभम सैनी शनिवार को अपनी कार से चकराता छावनी क्षेत्र में बंगला नंबर-10 के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक वाहन से नियंत्रण हट गया और कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में उन्हें सिर में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही सैन्यकर्मी मौके पर पहुंचे और तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर उन्हें खाई से बाहर निकाला गया।
घायल अवस्था में मेजर शुभम सैनी को सैनिक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। उनके असमय निधन से परिवार, सैन्य इकाई और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
मेजर शुभम सैनी उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के रोहटा ब्लॉक स्थित घसौली गांव के निवासी थे। सेना से प्राप्त जानकारी के अनुसार उन्होंने वर्ष 2019 में भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त कर लेफ्टिनेंट के रूप में सेवा शुरू की थी और बाद में पदोन्नत होकर मेजर के पद पर कार्यरत थे।
चकराता पुलिस ने बताया कि हादसे के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर ली गई है। पोस्टमॉर्टम के बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है। होनहार सैन्य अधिकारी की सड़क दुर्घटना में हुई मौत ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
