लालकुआं - मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, लालकुआं नगर पंचायत के चैयरमेन सहित आठ लोगों पर हुआ मुक़दमा 

 | 
लालकुआं - मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, लालकुआं नगर पंचायत के चैयरमेन सहित आठ लोगों पर हुआ मुक़दमा 

लालकुआं - कोतवाली लालकुआं क्षेत्र में सोमवार को मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जब दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। गाली-गलौज का विरोध करने से शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना नगर पंचायत कार्यालय के आसपास की है, जहां किसी बात को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी और तौफीक अंसारी के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना के दौरान किसी स्थानीय व्यक्ति ने पूरी मारपीट का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस ने मारपीट के आरोप में वार्ड नंबर 4 की महिला सभासद के पति समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ लिखित तहरीर भी दी। हालांकि देर रात आपसी बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया और लिखित रूप से एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई न करने की बात कोतवाली में दर्ज कराई गई।

पुलिस की कार्रवाई - 
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से रंजिश चली आ रही थी, जो इस घटना का कारण बनी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों में नगर पंचायत के चैयरमेन सुरेन्द्र सिंह लोटनी पुत्र मोहन सिंह लोटनी ,सभासद भुवन पाडे पुत्र पूरन चन्द्र पाडे, विजय रजवार पूत्र स्व. पूरन रजवार, विशाल सैन पुत्र विनोद कुमार तथा आरिफ़ पुत्र अहमद हुसैन, तौफीक अंसारी पुत्र छोटे बक्श, सबिर पुत्र छगे बक्श, वीरू पुत्र छोटे बक्श के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 126/135 व 135(3) के तहत शांति भंग की धाराओं में चालान किया गया। विवाद बढ़ने की आशंका को देखते हुए दोनों पक्षों को धारा 172 बीएनएसएस के तहत निरुद्ध भी किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को सख्त हिदायत दी है कि भविष्य में इस प्रकार की घटना दोबारा न हो।

एसपी सिटी का बयान - 
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गाली-गलौज को लेकर विवाद की पुष्टि हुई है। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

WhatsApp Group Join Now