लालकुआं - दिनदहाड़े मर्चेंट नेवी कर्मी के घर में लाखों की चोरी, साढ़े 11 तोला सोना और इतनी नगदी ले उड़े चोर

 | 
लालकुआं - दिनदहाड़े मर्चेंट नेवी कर्मी के घर में लाखों की चोरी, साढ़े 11 तोला सोना और इतनी नगदी ले उड़े चोर

लालकुआं - कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बिंदुखत्ता के तिवारी नगर चित्रकूट में रविवार को बेखौफ चोरों ने दिनदहाड़े एक घर में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। चोर घर का दरवाजा तोड़कर करीब साढ़े 11 तोला सोने के जेवरात और 35 हजार रुपये की नगदी चोरी कर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार तिवारी नगर चित्रकूट निवासी खड़क सिंह कोठारी मर्चेंट नेवी में कार्यरत हैं। घर पर उनकी पत्नी चंद्रा कोठारी अपने दो बच्चों के साथ रहती हैं। रविवार सुबह करीब 11 बजे चंद्रा बच्चों के साथ घर में ताला लगाकर घोड़ानाला स्थित अपने ससुराल गई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर के पीछे लगे लोहे के दरवाजे को तोड़कर अंदर प्रवेश किया।

चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे साढ़े 11 तोले सोने के आभूषण और 35 हजार रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। शाम करीब 4 बजे जब चंद्रा कोठारी वापस घर लौटीं तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी। यह देख उनके होश उड़ गए।

सूचना मिलने पर कोतवाल ब्रजमोहन सिंह राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही चोरों की तलाश के लिए एसओजी टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

WhatsApp Group Join Now