उत्तराखंड - बेटे पर पॉक्सो केस से नाराज महिला मोबाइल टावर पर चढ़ी, आत्महत्या की धमकी से मचा हड़कंप

 | 
उत्तराखंड - बेटे पर पॉक्सो केस से नाराज महिला मोबाइल टावर पर चढ़ी, आत्महत्या की धमकी से मचा हड़कंप

रुद्रपुर - शहर के त्रिशूल चौक पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला आत्महत्या करने की धमकी देते हुए मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला को टावर पर चढ़ा देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही रुद्रपुर कोतवाली पुलिस, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। काफी सतर्कता और सूझबूझ के साथ संयुक्त टीम ने महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

 

पुलिस के अनुसार, महिला का बेटा दिनेशपुर थाने में दर्ज एक पॉक्सो एक्ट के मुकदमे में आरोपी है। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी बेटे को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। इसी कार्रवाई से नाराज होकर महिला ने त्रिशूल चौक स्थित ट्रैफिक कार्यालय के सामने लगे मोबाइल टावर पर चढ़कर नीचे कूदने की धमकी दी।

 

घटना 22 नवंबर 2026 की है। महिला को टावर पर चढ़ा देखकर आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल फायर विभाग, एंबुलेंस और एसडीआरएफ को बुलाया। संयुक्त टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर महिला को सुरक्षित नीचे उतारा। महिला की पहचान जगतपुरी, दिनेशपुर निवासी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गरुड़, जिला बागेश्वर की रहने वाली है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी विभव सैनी के अनुसार, दिनेशपुर थाने में महिला के बेटे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 78 और 79 तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 11 और 12 के तहत मुकदमा दर्ज है। इसी मामले में पूछताछ के लिए उसके बेटे को थाने बुलाया गया था।

पुलिस का आरोप है कि महिला ने मामले के वादी और पुलिस पर दबाव बनाने तथा कानूनी कार्रवाई को प्रभावित करने के उद्देश्य से टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी दी। घटना के दौरान मौके पर भीड़ जुटने से यातायात भी प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रकरण में संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, नाबालिग पीड़ित की पहचान और गोपनीयता का ध्यान रखते हुए मामले की निष्पक्ष विवेचना की

जा रही है।

WhatsApp Group Join Now