नैनीताल - क्यों कोतवाल ने खुद को रोते-बिलखते कमरे में बंद कर लिया, पुलिस ने तोड़ा ताला, अफसरों पर लगाए गंभीर आरोप 

 | 
नैनीताल - क्यों कोतवाल ने खुद को रोते-बिलखते कमरे में बंद कर लिया, पुलिस ने तोड़ा ताला, अफसरों पर लगाए गंभीर आरोप 

नैनीताल - मल्लीताल कोतवाली में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब शहर कोतवाल हेम पंत ने खुद को अपने आवासीय कमरे में बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने और भीतर से कोई जवाब न मिलने पर पुलिस महकमे में अनहोनी की आशंका फैल गई। पुलिसकर्मियों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो कोतवाल भावुक और परेशान हालत में मिले। बाद में अधिकारियों ने उनके परिजनों को बुलाकर उन्हें परिवार के साथ भेज दिया।

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब दस बजे तक कोतवाल हेम पंत ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। इस पर पुलिसकर्मी उनके सरकारी आवास पहुंचे और कई बार आवाज लगाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। स्थिति गंभीर लगने पर दरवाजा तोड़ा गया। अंदर कोतवाल रोते-बिलखते मिले। घटना की सूचना पर सीओ अंजना नेगी और एलआईयू टीम मौके पर पहुंची। पूरे घटनाक्रम को गोपनीय रखने की कोशिश की गई और मीडिया को आवासीय परिसर की ओर जाने से रोका गया।

सूत्रों के मुताबिक कोतवाल पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे। मामला उनकी संबद्धता समाप्त होने के बाद मूल तैनाती अल्मोड़ा भेजे जाने से जुड़ा बताया जा रहा है। चर्चा है कि हाल ही में कोतवाली में तैनात एक महिला कांस्टेबल का तबादला होने के बाद उन्होंने महिला कर्मियों की कमी का मुद्दा उठाया था। बताया जा रहा है कि इस संबंध में उनकी वरिष्ठ अधिकारियों से बहस भी हुई थी।

कोतवाल हेम पंत ने कहा कि उन्होंने पूरी ईमानदारी और समर्पण से ड्यूटी निभाई, लेकिन महिला कांस्टेबल के स्थानांतरण पर सवाल उठाने के बाद उन्हें मूल तैनाती पर भेज दिया गया। उनका कहना है कि वरिष्ठ अधिकारियों के रवैये से वह काफी आहत थे और मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे।

इधर एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पिछले दो महीनों से संबद्ध पुलिसकर्मियों को उनकी मूल तैनाती पर भेजने की प्रक्रिया चल रही है। नैनीताल जिले में कोतवाल समेत सात पुलिसकर्मियों के आदेश तीन दिन पहले जारी किए गए थे। उन्होंने कहा कि महिला कर्मियों की कमी का मुद्दा उठाया गया था, जिस पर जल्द तैनाती का आश्वासन दिया गया था।

एसएसपी ने कहा कि पूरे घटनाक्रम की जानकारी उन्हें मीडिया के माध्यम से मिली है। मामले में रिपोर्ट तलब कर ली गई है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Group Join Now