हल्द्वानी - काठगोदाम में वीकेंड ट्रैफिक अलर्ट, सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक लागू रहेगा डायवर्जन प्लान 
 

 | 
हल्द्वानी-काठगोदाम में वीकेंड ट्रैफिक अलर्ट, सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक लागू रहेगा डायवर्जन प्लान

हल्द्वानी - काठगोदाम क्षेत्र में पर्यटन सीजन और वीकेंड पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था सुबह 09:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक प्रभावी रहेगी। प्रशासन ने यात्रियों से यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।

भारी वाहनों के संचालन पर रोक - 
प्रशासन के अनुसार प्रातः 06:00 बजे से रात्रि 11:00 बजे तक यात्रा रूट पर भारी वाहनों का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को सुबह 08:00 बजे से रात 09:00 बजे तक जनपद सीमा पर रोका जाएगा। इनके लिए नंबर-01 बैंड, एचएमटी क्षेत्र, सलड़ी चौकी और अमृतपुर मोड़ पर पार्किंग व्यवस्था की गई है। मैदानी क्षेत्रों से पर्वतीय इलाकों की ओर जाने वाले भारी वाहनों को गोलापार स्थित पुराने आरटीओ फिटनेस सेंटर और खेड़ा चौकी के पास रोका जाएगा।

पर्यटक वाहनों के लिए बदले गए रूट
बरेली रोड से आने वाले पर्यटक वाहनों को तीनपानी फ्लाईओवर, गोलापार रोड, नारीमन तिराहा होते हुए काठगोदाम भेजा जाएगा।
रुद्रपुर और पंतनगर से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन पंतनगर तिराहा, लालकुआं, तीनपानी फ्लाईओवर, गोलापार रोड और नारीमन तिराहा मार्ग से गुजरेंगे।
रामनगर और बाजपुर से आने वाले वाहनों को कालाढूंगी नैनीताल तिराहा से डायवर्ट कर मंगोली मार्ग से भेजा जाएगा।

आवश्यक सेवा वाहनों पर भी रहेगा प्रतिबंध - 
दोपहर 02:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक सब्जी, दूध, ईंधन समेत आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहनों के संचालन पर भी प्रतिबंध रहेगा। हालांकि एलपीजी वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।
शाम 04:00 बजे से रात 09:00 बजे तक भवाली मस्जिद तिराहा और नैनीताल से आने वाले वाहनों को नंबर-01 बैंड और रूसी बाईपास से डायवर्ट कर मंगोली-कालाढूंगी मार्ग से भेजा जाएगा।
पर्वतीय क्षेत्रों से मैदानी इलाकों की ओर आने वाले पर्यटक वाहनों को नारीमन तिराहा से वाया गोलापार रोड भेजा जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान निर्धारित रूट का पालन करें और अनावश्यक जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

WhatsApp Group Join Now