हल्द्वानी - वन्यजीवों के हमलों से बढ़ती मौतों पर फूटा ग्रामीणों का आक्रोश, वन विभाग कार्यालय पर प्रदर्शन

हरीश पनेरू के नेतृत्व में ग्रामीणों ने वन संरक्षक को सौंपा ज्ञापन, मांगें पूरी करने के लिए 15 दिन का अल्टीमेटम
 
 | 
हल्द्वानी - वन्यजीवों के हमलों से बढ़ती मौतों पर फूटा ग्रामीणों का आक्रोश, वन विभाग कार्यालय पर प्रदर्शन

 

हल्द्वानी - भीमताल विधानसभा क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में वन्यजीवों के हमलों से लगातार हो रही मौतों और लोगों के घायल होने की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को कांग्रेस नेता हरीश पनेरू के नेतृत्व में पीड़ित परिवारों और क्षेत्रीय लोगों ने वन विभाग कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान वन संरक्षक नैनीताल को ज्ञापन सौंपकर मृतकों के परिजनों से किए गए वादों को पूरा करने और वन्यजीवों के हमलों पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बाघ के हमलों से भीमताल विधानसभा क्षेत्र समेत आसपास के इलाकों में कई लोगों की जान जा चुकी है। इसके अलावा सांप, भालू और जंगली सूअर के हमलों में भी लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। इसके बावजूद वन्यजीवों के हमलों को रोकने के लिए प्रभावी इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरकार और वन विभाग इन घटनाओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। लगातार हो रहे हमलों के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोगों को रोजमर्रा के कामकाज के लिए भी खतरे के बीच गुजरना पड़ रहा है। वन्यजीवों के कारण किसानों की फसलें भी बर्बाद हो रही हैं, जिससे उनकी आजीविका पर असर पड़ रहा है।

ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों से किए गए वादों को तत्काल पूरा करने, प्रभावित परिवारों को उचित राहत देने और आबादी वाले क्षेत्रों में वन्यजीवों की आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने की मांग की। साथ ही संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा और निगरानी बढ़ाने पर भी जोर दिया।

हरीश पनेरू और ग्रामीणों ने वन विभाग को 15 दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रीय जनता उग्र आंदोलन शुरू करने को मजबूर होगी। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों की सुरक्षा और वन्यजीवों के हमलों पर रोक लगाना अब प्राथमिकता होनी चाहिए।

WhatsApp Group Join Now