हल्द्वानी - पहले ही प्रयास में वर्षा जोशी और उज्ज्वल डालाकोटी बने डिप्टी कलेक्टर, शानदार उपलब्धि से शहर का बढ़ाया गौरव 
 

 | 
हल्द्वानी - पहले ही प्रयास में वर्षा जोशी और उज्ज्वल डालाकोटी बने डिप्टी कलेक्टर, शानदार उपलब्धि से शहर का बढ़ाया गौरव 

हल्द्वानी - उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) द्वारा घोषित सम्मिलित राज्य सिविल एवं प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा के परिणाम में हल्द्वानी के दो प्रतिभाशाली युवाओं ने डिप्टी कलेक्टर पद पर चयनित होकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। दमुवाढूंगा निवासी वर्षा जोशी और मल्ली बमोरी निवासी उज्ज्वल डालाकोटी की इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

वर्षा जोशी ने वीर शिवा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी से इंटरमीडिएट, एमबीपीजी कॉलेज से बीएससी तथा इग्नू से एमए की शिक्षा प्राप्त की है। उनके पिता केवलानंद जोशी आईटीबीपी में कार्यरत हैं और माता दीपा जोशी हैं। वर्षा ने पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय लक्ष्य के प्रति एकाग्रता, नियमित अध्ययन और निरंतर अभ्यास को दिया।

वहीं मल्ली बमोरी निवासी उज्ज्वल डालाकोटी ने भी डिप्टी कलेक्टर पद पर चयनित होकर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनके पिता स्वर्गीय उमेश चंद्र डालाकोटी तथा माता गीता डालाकोटी वन विभाग में प्रशासनिक अधिकारी हैं। उज्ज्वल वर्तमान में जीएसटी विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वर्ष 2024 में उनका चयन फॉरेस्ट रेंजर पद के लिए भी हो चुका है। उन्होंने इंटरमीडिएट की शिक्षा हल्द्वानी से प्राप्त करने के बाद पंतनगर कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्नातक किया। दोनों अभ्यर्थियों की सफलता पर परिजनों, शिक्षकों, मित्रों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

सफल अभ्यर्थियों का कहना है कि लक्ष्य स्पष्ट रखें और उसी दिशा में निरंतर मेहनत करें। नियमित अध्ययन एवं अभ्यास सफलता की कुंजी है। आत्मविश्वास बनाए रखें और असफलताओं से सीख लें। समय प्रबंधन और अनुशासन प्रतियोगी परीक्षाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

WhatsApp Group Join Now