उत्तराखंड - हां, मैं तांत्रिक हूं, मैं घमंडी हूं…प्रकाश जोशी के बयान पर हरीश रावत का पलटवार, कांग्रेस में सियासी हलचल तेज
देहरादून - उत्तराखंड कांग्रेस में इन दिनों ‘तांत्रिक’ बयान को लेकर सियासी घमासान मचा हुआ है। हाल ही में पार्टी के भीतर दिए गए एक बयान के बाद शुरू हुई चर्चाओं पर अब पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने खुद प्रतिक्रिया देते हुए बड़ा राजनीतिक संदेश दे दिया है। कुछ दिन पहले हल्द्वानी में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा की मौजूदगी में पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी ने अपने संबोधन में ‘नेता और तांत्रिक’ का जिक्र किया था। इसके बाद पार्टी में अंदरखाने चर्चाओं का दौर शुरू हो गया और इशारों-इशारों में कई कयास लगाए जाने लगे।
वाह, am I - #Tantrik.....!!
— Harish Rawat (@harishrawatcmuk) April 12, 2026
क्या भला कहा कि गलतफहमी नहीं होनी चाहिए कि "मेरे बिना कांग्रेस नहीं चलेगी"। क्या मैंने कभी ऐसा कहा?
मैं तांत्रिक हूं। 1968 में देश के सभी दिग्गज आदरणीय इंदिरा गांधी जी के विरुद्ध हो गए थे। सिंडिकेट-इंडिकेट का संघर्ष था। लखनऊ विश्वविद्यालय में उन्हें… pic.twitter.com/zqhN7wzKBy
अब इस पूरे विवाद पर चुप्पी तोड़ते हुए हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर लंबी पोस्ट लिखी। उन्होंने पोस्ट की शुरुआत “वाह, am I - #Tantrik…!!” से करते हुए खुद को तांत्रिक कहे जाने पर तंज कसा। उन्होंने लिखा कि उन्होंने कभी यह दावा नहीं किया कि उनके बिना कांग्रेस नहीं चल सकती। अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए रावत ने कहा कि 1968 से लेकर अब तक हर कठिन दौर में वह कांग्रेस के साथ खड़े रहे। इंदिरा गांधी के दौर से लेकर उत्तराखंड राज्य आंदोलन और उसके बाद के राजनीतिक संकटों तक, उन्होंने पार्टी का झंडा नहीं छोड़ा।
रावत ने कहा कि उन्होंने हार के बाद भी न पार्टी छोड़ी और न ही क्षेत्र, बल्कि कार्यकर्ताओं के साथ मजबूती से खड़े रहे। उन्होंने तंज भरे अंदाज में लिखा—“शायद इसलिए मैं तांत्रिक हूं, शायद इसीलिए मैं घमंडी हूं।”
गौरतलब है कि पहले भी कांग्रेस नेता रणजीत रावत हरीश रावत पर तंत्र-मंत्र का सहारा लेने का आरोप लगा चुके हैं, जिससे यह मुद्दा पहले भी सुर्खियों में रह चुका है। फिलहाल, इस बयान के बाद उत्तराखंड कांग्रेस में अंदरूनी राजनीति और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। आने वाले दिनों में बयानबाजी और बढ़ने की पूरी संभावना है, जिससे सियासी माहौल और गरमाने वाला है।
