Uttarakhand Weather - पहाड़ से मैदान तक बिगड़ा मौसम, इन जिलों में तूफान और बारिश का अलर्ट, रहें सावधान 

 | 
Uttarakhand Weather - पहाड़ से मैदान तक बिगड़ा मौसम, इन जिलों में तूफान और बारिश का अलर्ट, रहें सावधान 

Uttarakhand Weather - उत्तराखंड में रविवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। पहाड़ से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक बादल छाए रहे और कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने पर्वतीय इलाकों में तूफान को लेकर ऑरेंज अलर्ट और कुछ मैदानी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान चल सकता है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों के कुछ इलाकों में तेज हवा चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं बिजली चमकने, तेज बारिश होने और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले चार से पांच दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिल सकती है।

शनिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। वहीं पर्वतीय क्षेत्र मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक रहा। प्रदेश के अन्य इलाकों में भी तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया गया।

WhatsApp Group Join Now