उत्तराखंड - दिनदहाड़े इस बैंक के कलेक्शन एजेंट से 12.60 लाख की लूट, बच्चों को गोली मारने की धमकी देकर फरार 

 | 
उत्तराखंड - दिनदहाड़े इस बैंक के कलेक्शन एजेंट से 12.60 लाख की लूट, बच्चों को गोली मारने की धमकी देकर फरार 

रुद्रपुर - किच्छा थाना क्षेत्र में बदमाशों ने दिनदहाड़े कलेक्शन एजेंट से 12.60 लाख रुपये लूट लिए। वारदात के दौरान आरोपियों ने एजेंट के साथ मारपीट की और विरोध करने पर उसे तथा उसके बच्चों को गोली मारने की धमकी दी। घटना के बाद दहशत में आए पीड़ित ने पांच दिन बाद पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक घटना आठ अगस्त की है। एयरटेल पेमेंट बैंक के कलेक्शन एजेंट अपने दो साथियों के साथ बाइक से किच्छा स्थित स्वतंत्र माइक्रोफिन कार्यालय गया था। वहां उसने कलेक्शन के 12.60 लाख रुपये लिए और रकम को नीले रंग के बैग में रख लिया। इसके बाद तीनों बाइक से अपने गांव की ओर लौट रहे थे।

सुनसान रास्ते में बाइक रुकवाकर वारदात - 
पीड़ित के अनुसार, गज्जन सिंह के खेत के पास सुनसान इलाके में पहुंचने पर छह-सात लोगों ने उनकी बाइक रुकवा ली। आरोप है कि बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और रुपयों से भरा बैग छीन लिया। पीड़ित ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर उसे और उसके बच्चों को गोली मारने की धमकी दी।

वारदात के बाद आरोपी मोटरसाइकिलों से मेन हाईवे की ओर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित इतना भयभीत था कि उसने तत्काल पुलिस से संपर्क नहीं किया। परिजनों को घटना की जानकारी देने के बाद वह 13 अगस्त को कोतवाली रुद्रपुर पहुंचा और तहरीर दी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस -
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बदमाशों को कलेक्शन एजेंट के पास इतनी बड़ी रकम होने की जानकारी कैसे मिली। पुलिस स्थानीय व्यक्ति या किसी परिचित की संभावित भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

किच्छा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवि सैनी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि वारदात में शामिल आरोपियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

WhatsApp Group Join Now