उत्तराखंड - पुलिस कर्मी ही बना साइबर ठगी का शिकार, ठगों ने खाते से 1.71 लाख रुपये उड़ाए

 | 
उत्तराखंड - पुलिस कर्मी ही बना साइबर ठगी का शिकार, ठगों ने खाते से 1.71 लाख रुपये उड़ाए Cybar Crime

उत्तराखंड - साइबर अपराधियों ने इस बार एक पुलिस कर्मी को ही अपना निशाना बना लिया। बेरीनाग कोतवाली में तैनात पुलिस कर्मी के बैंक खाते से 1.71 लाख रुपये की संदिग्ध निकासी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बेरीनाग कोतवाली में तैनात पुलिस कर्मी संजीव यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 30 मई को उन्होंने गूगल पे के माध्यम से अपने बैंक खाते में जमा धनराशि की जानकारी ली। इस दौरान उन्हें खाते से हुई संदिग्ध निकासी का पता चला।

 

संजीव यादव के मुताबिक, एक दिन पहले उनके बैंक खाते से 1.71 लाख रुपये की राशि नोवाकाम सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर ट्रांसफर कर दी गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने स्वयं ऐसा कोई लेन-देन नहीं किया। साथ ही न तो किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक किया और न ही किसी के साथ बैंक खाते या ओटीपी संबंधी जानकारी साझा की। पीड़ित पुलिस कर्मी ने बताया कि उन्हें यह समझ नहीं आ रहा है कि साइबर ठगों ने उनके खाते तक पहुंच कैसे बनाई और धनराशि कैसे निकाल ली।

 

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने कहा कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और ठगी के तरीके का खुलासा हो सकेगा।

साइबर सुरक्षा को लेकर चेतावनी - 
घटना ने एक बार फिर साइबर सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस लोगों से बैंक खातों की नियमित निगरानी करने और किसी भी संदिग्ध लेन-देन की सूचना तत्काल बैंक एवं साइबर हेल्पलाइन को देने की अपील कर रही है।

WhatsApp Group Join Now