उत्तराखंड - नाबालिकों को चढ़ा आईफोन का शौक, पहले घर की चोरी फिर ज़ेवरों को बाजार में बेचने की बनाई योजना

 | 
हल्द्वानी - रामपुर रोड स्थित दोपहिया शोरूम से तीन स्कूटी और स्पेयर पार्ट्स चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ चोर

उत्तराखंड – आईफोन खरीदने की चाहत में तीन नाबालिगों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सोने-चांदी के आभूषण बेचकर मोबाइल खरीदने की तैयारी थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने के बाद तीनों को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है। कोतवाल मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि 22 जनवरी को रुद्रपुर के आनंद विहार फुलसुंगा निवासी सन्नी जोहरी परिवार सहित बाहर गए थे। लौटने पर घर के मुख्य गेट का ताला टूटा मिला और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर गायब थे। पीड़ित की तहरीर पर 24 जनवरी को पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

सोमवार को पुलिस ने पंचवटी कॉलोनी के पास से तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया। उनकी निशानदेही पर एक सोने का हार, तीन मंगलसूत्र, दो झुमके, एक चांदी की पेंडल, एक चांदी का सिक्का, तीन जोड़ी चांदी की पायल और छह टुकड़ों में टूटा हुआ एक सोने का सिक्का बरामद किया गया। पूछताछ में किशोरों ने बताया कि वे अपने दोस्तों की तरह आईफोन खरीदना चाहते थे, इसी लालच में चोरी की योजना बनाई।
पकड़े गए नाबालिगों में एक छात्र स्कूल में पढ़ रहा है, जबकि दो पढ़ाई छोड़ चुके हैं। चोरी के बाद जेवर छिपाकर रखे गए थे ताकि मामला शांत होने पर उन्हें बाजार में बेचा जा सके। कुछ आभूषणों को तोड़ भी दिया गया था।

200 से अधिक सीसीटीवी खंगाले - 
पुलिस ने चोरी का खुलासा करने के लिए सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद ली। पांच पुलिसकर्मियों की टीम ने ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में घटनास्थल से लेकर पांच किलोमीटर के दायरे में करीब 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिसके बाद तीनों नाबालिगों को पकड़ने में सफलता मिली।

WhatsApp Group Join Now