उत्तराखंड - मंडी सचिव को जान से मारने की धमकी, 5 करोड़ की सुपारी का वीडियो वायरल, मुकदमा दर्ज
उत्तराखंड - कृषि उत्पादन मंडी समिति, हरिद्वार के प्रभारी सचिव लवकेश कुमार को कथित तौर पर पांच करोड़ रुपये की सुपारी देकर हत्या की धमकी देने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के बाद पुलिस ने एक नामजद समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी सचिव लवकेश कुमार ने ज्वालापुर कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। आरोप है कि वीडियो में त्रिपुरारी नाम का व्यक्ति अपने साथियों के बीच बातचीत के दौरान पांच करोड़ रुपये की सुपारी का जिक्र करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी देता दिखाई दे रहा है।
सचिव ने पुलिस को बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद मंडी समिति के अधिकारियों और कर्मचारियों में भय का माहौल है। इससे सरकारी कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं और उनके परिवार के सदस्य भी दहशत में हैं। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में कुछ लोग आपस में बातचीत करते नजर आते हैं। इसी दौरान एक व्यक्ति गाली-गलौज करते हुए किसी को पांच करोड़ रुपये लेकर मारने की बात कहता है। जब वीडियो बना रहा व्यक्ति पूछता है कि किसे मारोगे, तो जवाब मिलता है "सचिव को।" हालांकि वीडियो में मौजूद कुछ लोग इस दौरान हंसते हुए भी सुनाई देते हैं। पुलिस के अनुसार, वीडियो में दिखाई देने वाले अधिकांश लोग मंडी से जुड़े व्यापारी बताए जा रहे हैं।
ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि मामले में एक नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो की सत्यता, उसमें शामिल लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की गहन जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
