उत्तराखंड - IPL सट्टेबाजी का भंडाफोड़, लैपटॉप, 5 मोबाइल, इतनी नकदी और कार बरामद, एक को किया गिरफ्तार
रुद्रपुर/खटीमा - उधम सिंह नगर पुलिस ने ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लैपटॉप, पांच मोबाइल फोन, 92 हजार रुपये नकद, कैलकुलेटर और सट्टेबाजी में इस्तेमाल की जा रही होंडा सिटी कार बरामद की है। आरोपी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र पुलिस टीम के साथ वाहन चेकिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। इसी दौरान एसओजी टीम को सूचना मिली कि सिडकुल आनंदपुर रोड स्थित धर्मकांटे के पास एक व्यक्ति कार में बैठकर आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा चला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर सफेद होंडा सिटी कार में बैठे आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रंजीत सिंह सैनी, निवासी पालम कॉलोनी, नई दिल्ली बताया।
तलाशी के दौरान कार से चालू हालत में एक लैपटॉप मिला, जिसमें आईपीएल सट्टेबाजी का पूरा रिकॉर्ड दर्ज था। पुलिस के अनुसार लैपटॉप में ग्राहकों के नाम, टीमों के रेट, रकम और जीत-हार का हिसाब मौजूद था। इसके अलावा पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए गए, जिनमें व्हाट्सएप चैट, वॉयस मैसेज और ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े स्क्रीनशॉट मिले हैं।
पुलिस ने आरोपी के पास से 92 हजार रुपये नकद, कैलकुलेटर और अन्य उपकरण भी बरामद किए। आरोपी ने पूछताछ में ऑनलाइन सट्टा संचालन की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उसकी कार को भी सीज कर दिया है। ट्रांजिट कैंप कोतवाली के उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र ने बताया कि मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा गया। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
