उत्तराखंड - रुद्रपुर में आयकर विभाग की कार्रवाई से मची हलचल, अस्पताल से जिम और चिकित्सक के आवास तक पहुंची टीम

 | 
उत्तराखंड - रुद्रपुर में आयकर विभाग की कार्रवाई से मची हलचल, अस्पताल से जिम और चिकित्सक के आवास तक पहुंची टीम

रुद्रपुर - शहर में सोमवार सुबह आयकर विभाग की टीम के पहुंचने से हलचल मच गई। चार से पांच वाहनों में पहुंची टीम ने अलग-अलग स्थानों पर जाकर जांच की। अस्पताल, जिम और चिकित्सक के आवास पर टीम की गतिविधियों को लेकर दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा।

जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की टीम सबसे पहले रुद्रपुर के सिविल लाइंस स्थित एक अस्पताल पहुंची। यहां आवश्यक जानकारी जुटाने के बाद टीम विशाल मेघा मार्ट स्थित एक जिम में पहुंची, जहां कुछ लोगों से पूछताछ किए जाने की बात सामने आई है।

इसके बाद टीम उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के बिलासपुर स्थित बत्रा कॉलोनी पहुंची। यहां शहर के एक प्रतिष्ठित चिकित्सक के आवास पर भी जांच की गई। एक के बाद एक तीन अलग-अलग स्थानों पर टीम की कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चाएं तेज हो गईं।

हालांकि, अस्पताल, जिम और चिकित्सक के आवास पर की गई जांच के बीच क्या संबंध है, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। आयकर विभाग की ओर से भी कार्रवाई के कारणों और जांच के बिंदुओं को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में आयकर विभाग की इस कार्रवाई के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। अब विभाग की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही जांच से जुड़े तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

WhatsApp Group Join Now