उत्तराखंड - गैस सिलेंडर ब्लास्ट से घर में लगी आग, इलाके में मचा हड़कंप, पांच लोग झुलसे, चार अस्पताल में भर्ती
Rudrapur News - रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र स्थित वार्ड नंबर 9, चामुंडा मंदिर इलाके में बुधवार सुबह करीब 9 बजे गैस सिलेंडर में हुए जोरदार ब्लास्ट से हड़कंप मच गया। इस हादसे में पांच लोग झुलस गए, जिनमें से चार को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, निवासी अरुण गुप्ता ने अपने मकान को किराए पर दे रखा था। सुबह अचानक सिलेंडर में गैस रिसाव के चलते आग लग गई, जिसके बाद कुछ ही देर में जोरदार धमाका हो गया। हादसे के समय कई किरायेदार मकान के बरामदे और कमरों के बाहर मौजूद थे, जो आग की चपेट में आ गए।
घटना में पीलीभीत निवासी राम आसरे, उनकी पत्नी देवकी, अनीता (निवासी पचपेड़ा, पीलीभीत), संगीता देवी (बरेली, उत्तर प्रदेश) और पारुल झुलस गए। पुलिस और डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और स्थिति को नियंत्रित किया। डॉक्टर जुनैद के अनुसार, घायलों में देवकी देवी लगभग 46 प्रतिशत, अनीता देवी 20 प्रतिशत, संगीता देवी 15 प्रतिशत और पारुल लगभग 30 प्रतिशत तक झुलसी हैं। सभी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्राथमिक तौर पर गैस रिसाव को हादसे का कारण माना जा रहा है।
