उत्तराखंड - वन अधिकारी और पिता पर जानलेवा हमला, जानिए क्या चोरकर ले जा रहे थे दबंग, 5 आरोपितों पर मुकदमा दर्ज
उत्तराखंड - उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर कुंडा थाना क्षेत्र के शिवराजपुर में ड्यूटी पर तैनात एक वन बीट अधिकारी और उनके वृद्ध पिता पर गांव के कुछ दबंगों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना सोमवार रात की बताई जा रही है। हमले में अधिकारी के पिता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवराजपुर बीट में तैनात वन अधिकारी स्वतंत्र कुमार को सूचना मिली थी कि उनकी चौकी से कुछ लोग लकड़ी चोरी कर ले गए हैं। सोमवार रात करीब 9:30 बजे जब वह मंदिर के पास पहुंचे और लकड़ी ले जाने का विरोध किया, तो वहां मौजूद दबंगों ने उन्हें घेर लिया।
आरोप है कि विजेंद्र, सर्वेश (पुत्र जयराम), सत्येंद्र, मनोज (पुत्र धर्मपाल) और राजीव (पुत्र हरचरन) ने पहले गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे वन अधिकारी के पिता कैलाश सिंह को भी हमलावरों ने नहीं बख्शा। उनके सिर पर लाठी से वार किया गया तथा हाथ पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
वन अधिकारी किसी तरह जान बचाकर मौके से भागे और कुंडा थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में आरोपितों से जान-माल का खतरा भी जताया है। कुंडा थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौड़ ने बताया कि तहरीर के आधार पर पांचों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
