उत्तराखंड - घर वाले नहीं करवा रहे थे लव मैरिज, युवक ने होटल पहुंचकर कर लिया ऐसा हाल, हालत नाजुक

 | 
उत्तराखंड - घर वाले नहीं करवा रहे थे लव मैरिज, युवक ने होटल पहुंचकर कर लिया ऐसा हाल, हालत नाजुक

उत्तराखंड - जनपद ऊधम सिंह नगर मुख्यालय रुद्रपुर में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। सितारगंज क्षेत्र के शक्ति फार्म निवासी एक युवक ने कथित तौर पर आत्महत्या का प्रयास किया। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

प्रेम विवाह की जिद बनी तनाव का कारण - 
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक अपने ही क्षेत्र की एक युवती से प्रेम करता था और उससे विवाह करना चाहता था। उसने इस संबंध में अपने परिजनों से बातचीत की, लेकिन परिवार ने इस रिश्ते को स्वीकार करने से इंकार कर दिया। परिजनों की असहमति के बावजूद युवक विवाह के फैसले पर अड़ा रहा, जिसके चलते वह मानसिक रूप से काफी तनाव में बताया जा रहा था।

होटल में ठहरकर किया आत्महत्या का प्रयास - 
बताया जा रहा है कि सोमवार को नाराज होकर युवक रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र की इंद्रा कॉलोनी स्थित एक होटल में जाकर ठहर गया। मंगलवार सुबह होटल कर्मचारी जब कमरे में ऑर्डर देने पहुंचा तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। कई बार दरवाजा खटखटाने के बाद भी जवाब न मिलने पर कर्मचारी को संदेह हुआ। खिड़की से झांकने पर युवक अचेत अवस्था में दिखाई दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाकर युवक को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

मौके से मिला पत्र, जांच जारी - 
पुलिस को कमरे से एक पत्र भी बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। होटल कर्मचारियों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि युवक के बयान दर्ज होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Group Join Now