उत्तराखंड - चुनावी साल में धामी सरकार का दायित्व वितरण तेज, बीजेपी के इन नेताओं की खुली किस्मत
देहरादून - चुनावी साल में पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली उत्तराखंड सरकार एक्शन मोड में नजर आ रही है। हाल ही में हुए कैबिनेट विस्तार के बाद अब सरकार ने दायित्वों के बंटवारे की प्रक्रिया को भी तेज कर दिया है। इसी क्रम में नैनीताल जिले के योगेश सिंह रजवार को बड़ा दायित्व सौंपते हुए उन्हें उत्तराखंड बाल संरक्षण आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया है। इसके आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
दरअसल, कैबिनेट विस्तार के साथ ही प्रदेश में दायित्वों के बंटवारे को लेकर अटकलें शुरू हो गई थीं, जिन्हें अप्रैल माह में सरकार ने अमलीजामा पहनाया। सरकार द्वारा विभिन्न बोर्ड, निगम और परिषदों में नियुक्तियों की सूची जारी की गई, जिसमें पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी सूची के अनुसार, विनोद सुयाल को उत्तराखंड राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद का उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि नैनीताल के ध्रुव रौतेला को मीडिया सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। टिहरी गढ़वाल के खेम सिंह चौहान को उत्तराखंड राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, देहरादून की चारु कोठारी को उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद का उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा कुलदीप बुटोला को राज्य स्तरीय खेल परिषद का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सोना सजवाण को भी महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में हरिप्रिया जोशी को उत्तराखंड राज्य महिला आयोग में उपाध्यक्ष बनाया गया है।
इसी कड़ी में अब योगेश सिंह रजवार की नियुक्ति को भी अहम माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, चुनावी वर्ष में इस तरह के दायित्व वितरण के जरिए सरकार संगठन और कार्यकर्ताओं को साधने की कोशिश में जुटी हुई है।
