उत्तराखंड - घर के बाहर खड़ी गाड़ी हटाने को कहने पर बुजुर्ग की कर डाली हत्या, परिवार पर भी जानलेवा हमला

 | 
उत्तराखंड - घर के बाहर खड़ी गाड़ी हटाने को कहने पर बुजुर्ग की कर डाली हत्या, परिवार पर भी जानलेवा हमला

Uttarakhand Crime - ऊधम सिंह नगर जिले के महुआखेड़ागंज नगर पंचायत क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी गाड़ी हटाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दबंगों द्वारा किए गए हमले में 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि परिवार के पांच अन्य सदस्य घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, मोहल्ला जामा मस्जिद निवासी अफजल अहमद के घर आगामी 9 जून को दो भतीजियों की शादी होनी है। शादी का सामान उतारने के लिए उन्होंने पड़ोसी से घर के सामने खड़ी स्कॉर्पियो हटाने को कहा। आरोप है कि इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और आरोपित गाली-गलौज पर उतर आए।

बताया जा रहा है कि शनिवार रात करीब 11:30 बजे आरोपितों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से लैस होकर अफजल अहमद के परिवार पर हमला कर दिया। हमले में अफजल अहमद के सिर पर लोहे की रॉड लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके भतीजे कासम अली, अनीस अहमद, रिजवान, फुरकान और मसीतन भी घायल हुए हैं।

घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। अफजल अहमद की हालत गंभीर होने पर उन्हें ऋषिकेश एम्स रेफर किया गया, जहां रविवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पैगा चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी प्रभारी जसविंदर सिंह ने बताया कि घटना के बाद आरोपित फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस को तहरीर प्राप्त नहीं हुई थी।


वहीं, महुआखेड़ागंज के चेयरमैन रिजवान अहमद ने अस्पताल पहुंचकर मृतक के परिजनों को सांत्वना दी। मृतक अपने पीछे पत्नी खातून तथा चार पुत्र—असलम, अकरम, मुकर्रम और आकिल—को छोड़ गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपितों की तलाश जारी है।

WhatsApp Group Join Now