Uttarakhand Earthquake - उत्तराखंड में भूकंप के झटकों से दहशत, एक घंटे में तीन बार कांपी धरती, लोग घरों से बाहर निकले
Uttarakhand Earthquake - बागेश्वर जिले में आज सुबह भूकंप के लगातार तीन झटकों ने लोगों को दहशत में डाल दिया। एक घंटे के भीतर तीन बार धरती हिलने से लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ पड़े। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार भूकंप का सिलसिला सुबह करीब 10:32 बजे शुरू हुआ और 11:31 बजे तक जारी रहा।
पहला झटका 3.1 तीव्रता का दर्ज किया गया, इसके बाद 10:46 बजे 2.6 तीव्रता और फिर 11:31 बजे 2.8 तीव्रता का तीसरा झटका महसूस किया गया। सभी झटकों का केंद्र कपकोट तहसील के बदियाकोट, सोराग और बाछम क्षेत्र के आसपास रहा। जानकारी के अनुसार भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 5 किलोमीटर की गहराई पर था, जिसके चलते कपकोट क्षेत्र के दूरस्थ गांवों में कंपन अधिक महसूस किया गया। अन्य तहसीलों में भी हल्के झटके दर्ज किए गए।
जिला प्रशासन के अनुसार अभी तक किसी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की कोई सूचना नहीं है। हालांकि एहतियातन राजस्व विभाग की टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में भेजकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए गए हैं।जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि सभी क्षेत्रों से रिपोर्ट ली जा रही है और फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन निगरानी लगातार जारी है।
लगातार आए इन झटकों से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है, वहीं प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है।
