उत्तराखंड - दलेर मेहंदी विवाद, सुबोध उनियाल का दो टूक जवाब, बोले- इस्तीफा दे दूंगा, माफी नहीं मांगूंगा

 | 
उत्तराखंड - दलेर मेहंदी विवाद, सुबोध उनियाल का दो टूक जवाब, बोले- इस्तीफा दे दूंगा, माफी नहीं मांगूंगा

 

 

देहरादून - पंजाबी गायक दलेर मेहंदी और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच हुआ विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। इस मामले में मंत्री सुबोध उनियाल का नया बयान सामने आया है। एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने साफ कहा कि वह माफी मांगने के बजाय इस्तीफा देना पसंद करेंगे। उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

मंत्री सुबोध उनियाल ने कार्यक्रम में कहा कि कुछ लोगों ने उनसे कहा था कि यदि आलाकमान कहेगा तो उन्हें माफी मांगनी ही पड़ेगी। इस पर उन्होंने जवाब दिया कि वह इस्तीफा देना पसंद करेंगे, लेकिन माफी नहीं मांगेंगे। उन्होंने कहा कि जीवन में आत्मसम्मान बहुत बड़ी चीज है और वह अपने आत्मसम्मान से समझौता नहीं करेंगे।

दरअसल, बीते दिनों दलेर मेहंदी की प्रस्तुति को लेकर सुबोध उनियाल का एक बयान सामने आया था, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया था। मंत्री ने कहा था कि उन्हें लगा कि दलेर मेहंदी नशे में हैं, हालांकि उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि वह किस चीज के नशे में हैं। उन्होंने कहा कि इतने बड़े कलाकार का मेडिकल परीक्षण कराना उनके लिए संभव नहीं था। बाद में उन्हें बताया गया कि गायक की तबीयत खराब थी।

मंत्री ने कहा था कि यदि दलेर मेहंदी की तबीयत ठीक नहीं थी तो उन्हें आयोजकों को इसकी जानकारी देनी चाहिए थी या फिर कार्यक्रम में नहीं आना चाहिए था। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिए 35 लाख रुपये लिए गए थे और होटल में ठहरने की अलग से व्यवस्था भी की गई थी।

उनियाल ने सफाई देते हुए कहा था कि उनका उद्देश्य संगीत या किसी कलाकार को बदनाम करना नहीं था। लेकिन जब करीब 45 मिनट तक कलाकार ठीक से प्रस्तुति नहीं दे पाए तो जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्होंने उन्हें टोका। उन्होंने यह भी कहा कि कलाकारों का सम्मान होना चाहिए, लेकिन कलाकारों को भी अपने सम्मान का ध्यान रखना चाहिए।

यह था पूरा विवाद -

बीते 18 नवंबर को टिहरी में आयोजित कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान उनकी आवाज लड़खड़ाने और प्रस्तुति को लेकर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल नाराज हो गए। वह मंच पर पहुंचे और गायक को टोकते हुए कहा कि उन्हें इसलिए बुलाया गया है ताकि क्षेत्र के लोगों का मनोरंजन हो सके। उन्होंने कहा कि इतने बड़े नाम की इज्जत रखनी चाहिए। जब ठीक से बोला भी नहीं जा रहा है तो गाना कैसे गाएंगे। इस पर दलेर मेहंदी ने मंत्री से अनुरोध किया था कि वह पंडाल में बैठ जाएं और उन्हें अपनी प्रस्तुति जारी रखने दें। इसके बाद यह मामला राजनीतिक और मनोरंजन जगत में चर्चा का विषय बन गया।

बॉलीवुड ने जताया था विरोध, सीएम धामी ने भी की थी बात - 

मंत्री के बयान और मंच पर हुए घटनाक्रम के बाद बॉलीवुड से भी प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं। गायक मीका सिंह, कपिल शर्मा समेत कई लोगों ने इस मामले पर नाराजगी जताई थी। विवाद बढ़ने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गायक मीका सिंह से फोन पर बातचीत की थी। इस दौरान उन्होंने दलेर मेहंदी से जुड़े विवाद पर चर्चा करते हुए कहा था कि किसी भी प्रकार की गलतफहमी या मतभेद को आपसी संवाद और सौहार्दपूर्ण वातावरण में दूर किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने इसके बाद दलेर मेहंदी से भी बातचीत की थी। अब सुबोध उनियाल के माफी के बजाय इस्तीफा देने वाले बयान ने इस पुराने विवाद को फिर से चर्चा में ला दिया है।

 

WhatsApp Group Join Now