Uttarakhand Crime - पांच हजार रुपए चोरी के शक में घोंट दिया दोस्त का गला, बेरहमी से किया मर्डर, आरोपी गिरफ्तार 

 | 
Uttarakhand Crime - पांच हजार रुपए चोरी के शक में घोंट दिया दोस्त का गला, बेरहमी से किया मर्डर, आरोपी गिरफ्तार 

Uttarakhand Crime - ऊधम सिंह नगर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान के पास मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस के अनुसार यह मामला हत्या का निकला, जिसमें मृतक के करीबी दोस्त को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने पांच हजार रुपये चोरी होने के शक में दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने प्रेस वार्ता में बताया कि 31 जुलाई को शिवनगर क्षेत्र स्थित एक निर्माणाधीन मकान के पास अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। शव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।

जांच के दौरान मृतक की पहचान ट्रांजिट कैंप निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी। पुलिस जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन अनिल ने अपने तीन साथियों के साथ आजादनगर क्षेत्र में शराब पी थी। बाद में दो साथी वहां से चले गए, जबकि अनिल अपने करीबी दोस्त सुनील कुमार उर्फ इक्का के साथ रह गया।

आरोप है कि सुनील अनिल को बहाने से शिवनगर स्थित निर्माणाधीन मकान में ले गया, जहां दोनों ने दोबारा शराब पी। इसके बाद सुनील ने लकड़ी की फट्टी और ईंट से अनिल पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बाद में रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव वहीं छोड़कर फरार हो गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे शक था कि अनिल ने उसके पांच हजार रुपये चोरी किए थे। इसी संदेह के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रस्सी और ईंट का टुकड़ा भी बरामद कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

WhatsApp Group Join Now