Uttarakhand Crime - रुद्रपुर गैंगरेप केस में तीनों आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, मुख्य आरोपी के पैर में लगी गोली

 | 
Uttarakhand Crime - रुद्रपुर गैंगरेप केस में तीनों आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, मुख्य आरोपी के पैर में लगी गोली

 

रुद्रपुर - उधम सिंह नगर के चर्चित गैंगरेप मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे तीनों आरोपियों को पुलिस ने बगवाड़ा चौकी क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी गुरबाज उर्फ मानु पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गुरबाज घायल हो गया। मौके से जोगा सिंह और रविंदर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

रुद्रपुर गैंगरेप केस में तीनों आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार - 
 

 

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति जिला अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपी से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि तीनों वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब मामले की विवेचना को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप, पुलिस पर फायरिंग, शस्त्र अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि सिडकुल क्षेत्र में कार्यरत एक युवती की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया था। पीड़िता के अनुसार, शनिवार रात भूरारानी रोड पर बाइक सवार तीन युवकों ने उसे और उसके साथियों को जबरन रोककर गदरपुर की ओर ले गए। रास्ते में एक युवक और एक युवती भाग निकले, जबकि पीड़िता आरोपियों के कब्जे में रही। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और रविवार सुबह उसे मेट्रोपोलिस अंडरपास के पास छोड़कर फरार हो गए थे। मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने विशेष टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी, जिसके बाद तीनों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

WhatsApp Group Join Now