उत्तराखंड - खरगे और राहुल गांधी से मिले उत्तराखंड कांग्रेस के नेता, आगामी चुनाव की रणनीति पर हुआ मंथन

 | 
उत्तराखंड - खरगे और राहुल गांधी से मिले उत्तराखंड कांग्रेस के नेता, आगामी चुनाव की रणनीति पर हुआ मंथन

देहरादून - उत्तराखंड में आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को नई दिल्ली में कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व और उत्तराखंड के वरिष्ठ नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रदेश के नेताओं के साथ आगामी चुनाव की तैयारियों और पार्टी की रणनीति पर चर्चा की।

बैठक में कांग्रेस के संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल, उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य मौजूद रहे। इसके अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने भी बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव भी शामिल हुए। केंद्रीय नेतृत्व और प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं की इस मुलाकात को आगामी चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

 

बैठक के दौरान प्रदेश में संगठन की स्थिति, चुनावी तैयारियों, पार्टी नेताओं की जिम्मेदारियों और आगामी चुनाव के लिए रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश के नेताओं के साथ चुनावी चुनौतियों और संगठन को मजबूत करने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। हालांकि, बैठक में किन मुद्दों पर अंतिम सहमति बनी और प्रदेश में चुनावी तैयारियों को लेकर क्या विशेष कार्ययोजना तय की गई, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

WhatsApp Group Join Now