उत्तराखंड - सुबह तड़के रुद्रपुर में अवैध मजार पर चले बुलडोजर, यहां सरकारी भूमि कराई अतिक्रमण मुक्त

 | 
उत्तराखंड - सुबह तड़के रुद्रपुर में अवैध मजार पर चले बुलडोजर, यहां सरकारी भूमि कराई अतिक्रमण मुक्त

रुद्रपुर - उत्तराखंड में अतिक्रमण के खिलाफ जारी अभियान के तहत उधम सिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। किच्छा-पंतनगर हाईवे पर स्थित रेलवे भूमि पर बनी एक अवैध मजार को जिला प्रशासन और भारतीय रेलवे की संयुक्त टीम ने तड़के बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरे अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से अंजाम दिया गया। प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, इज्जतनगर रेलवे मंडल की ओर से मजार प्रबंधन को पहले ही कई नोटिस जारी किए गए थे। 26 मई 2023 और 18 सितंबर 2025 को भेजे गए नोटिसों में भूमि के वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया था, लेकिन संबंधित पक्ष द्वारा कोई जवाब नहीं दिया गया।

 

इसके बाद रेलवे प्रशासन ने 25 अप्रैल 2026 को जिला प्रशासन से सुरक्षा बल की मांग की। जिलाधिकारी नितिन भदौरिया के निर्देश पर कार्रवाई की योजना बनाई गई और शनिवार सुबह अभियान चलाया गया। अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कोई संवेदनशील सामग्री नहीं मिली और पूरा अभियान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। प्रशासन का कहना है कि यह अवैध निर्माण रेलवे की विस्तार योजना और बरेली-नैनीताल मार्ग के चौड़ीकरण कार्य में बाधा बन रहा था। सार्वजनिक परियोजनाओं को ध्यान में रखते हुए इसे हटाना आवश्यक था।

 

राज्य सरकार अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब तक प्रदेश में 582 से अधिक अवैध निर्माण हटाए जा चुके हैं। स्थानीय प्रशासन ने कहा है कि आगे भी यह अभियान जारी रहेगा और जहां-जहां सरकारी जमीन पर अतिक्रमण मिलेगा, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और प्रशासन सतर्क निगरानी बनाए हुए है।

WhatsApp Group Join Now