Uttarakhand Accident - उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरी कार, दो युवकों की दर्दनाक मौत
पिथौरागढ़ - गंगोलीहाट–पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर डूनी से चहज की ओर जा रही एक कार गुरुवार देर रात लगभग 11 बजे अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि कार चालक सुरेश सिंह (30 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पवन सिंह (35 वर्ष) ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही गंगोलीहाट कोतवाली से प्रभारी निरीक्षक कैलाश चन्द्र जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुँची और रेस्क्यू कार्य शुरू किया। गहरी खाई से घायल पवन को निकालकर 108 एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, मगर डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। दोनों युवक शादीशुदा थे और अपने-अपने घरों को लौट रहे थे। हादसे की खबर लगते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच में जुटी है।
