उत्तराखंड - रुद्रपुर में युवक की ट्रेन से कटकर मौत, सोशल मीडिया पर वायरल हुई तभी परिजनों को लगा पता
रुद्रपुर - उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार रात उस समय सनसनी फैल गई। जब संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई, पुलिस जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार रुद्रपुर के खुशी इन्क्लेव निवासी करन खेड़ा (26) पुत्र ललित खेड़ा की रविवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन से कटकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि करन डीडी चौक स्थित टेंपो स्टैंड में काम करता था और रोज की तरह अपने काम में व्यस्त रहता था।
परिजनों के मुताबिक रविवार रात करीब 9:30 बजे करन ने घर पर खाना खाया और उसके बाद घर से बाहर चला गया। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिवार के लोगों को चिंता हुई और उन्होंने आसपास उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक युवक के ट्रेन से कटने की सूचना और उसकी फोटो वायरल होने लगी। फोटो देखने के बाद परिजनों को शक हुआ और वे तुरंत मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने शव की पहचान करन खेड़ा के रूप में की। युवक की मौत की पुष्टि होते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उप निरीक्षक जीवन राम अधिकारी ने बताया कि ट्रेन से कटकर युवक की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
