उत्तराखंड - रुद्रपुर में दिनदहाड़े घर में घुसकर फायरिंग, दिल्ली से शादी में आया युवक घायल 10 से 11 छर्रे लगे 

 | 
उत्तराखंड - रुद्रपुर में दिनदहाड़े घर में घुसकर फायरिंग, दिल्ली से शादी में आया युवक घायल 10 से 11 छर्रे लगे

रुद्रपुर - ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े घर में घुसकर बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। दिल्ली से रिश्तेदार की शादी में शामिल होने आए युवक को निशाना बनाते हुए हमलावरों ने कई राउंड गोलियां चलाईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर सात, आजाद नगर ट्रांजिट कैंप निवासी राजेश कुमार, जो दिल्ली में मोबाइल शॉप पर काम करता है, दो दिन पहले ही अपने घर आया था। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे वह अपने छोटे भाई और परिवार के साथ घर पर मौजूद था, जबकि बड़ा भाई अजय कुमार बाहर गया हुआ था।

इसी दौरान 10 से अधिक युवक लाठी-डंडों, धारदार हथियारों और तमंचों से लैस होकर घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने परिजनों के साथ मारपीट की और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान राजेश कुमार को 10 से 11 छर्रे लग गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर फरार हो गए। परिजनों और पड़ोसियों की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलने पर ट्रांजिट कैंप कोतवाल मोहन पांडे पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल से घटना की जानकारी ली।

पुराने विवाद में वारदात की आशंका - 
घायल के बड़े भाई अजय कुमार के अनुसार, दो दिन पहले छोटे भाई प्रशांत का क्षेत्र के ही एक युवक से विवाद हुआ था, जो मारपीट तक पहुंच गया था। इसी रंजिश में इस घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आशंका है कि हमलावर घटना के बाद क्षेत्र से बाहर फरार हो गए हैं।

अवैध हथियारों पर उठे सवाल - 
घटना के बाद एक बार फिर अवैध असलहों की उपलब्धता पर सवाल खड़े हो गए हैं। लगातार कार्रवाई के बावजूद बदमाशों के पास हथियार कैसे पहुंचे, यह जांच का विषय बना हुआ है।
सीओ रुद्रपुर प्रशांत कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

WhatsApp Group Join Now