देहरादून - SIT के सामने आज अपना पक्ष रखेंगी उर्मिला सनावर, CM धामी रामलला के करेंगे दर्शन, कांग्रेस करेगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
देहरादून - उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सियासी घमासान लगातार तेज होता जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा हाल ही में की गई प्रेस वार्ता के बावजूद विपक्ष और सामाजिक संगठनों के सवाल थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। एक ओर जहां मामले से जुड़ी उर्मिला सनावर आज एसआईटी के समक्ष अपना पक्ष रखने जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री धामी अयोध्या दौरे पर रहेंगे।
कांग्रेस करेगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
प्रदेश की राजनीति में बढ़ती हलचल के बीच कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल आज दोपहर 1 बजे प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे। कांग्रेस की ओर से लगातार मांग की जा रही है कि इस मामले में कथित वीआईपी का नाम सार्वजनिक किया जाए और पूरे प्रकरण की जांच सीबीआई से कराई जाए। इसी मांग को लेकर कांग्रेस समेत कई सामाजिक संगठन प्रदेशभर में प्रदर्शन कर रहे हैं। बीते सोमवार को कांग्रेस ने ‘अंकिता भंडारी को न्याय दो’ पदयात्रा भी निकाली थी।
मुख्यमंत्री का अयोध्या दौरा -
राज्य में जारी राजनीतिक हलचल के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज एक दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे पर हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर 2 बजे गोंडा स्थित नंदिनी नगर महाविद्यालय में आयोजित राष्ट्रकथा महोत्सव में प्रतिभाग करेंगे। इसके बाद वे 3:15 बजे अयोध्या पहुंचकर श्रीराम मंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे। दर्शन के पश्चात मुख्यमंत्री उत्तराखंड लौट आएंगे।
सरकार बनाम विपक्ष -
अंकिता भंडारी हत्याकांड इन दिनों प्रदेश का सबसे बड़ा राजनीतिक मुद्दा बना हुआ है। विपक्ष लगातार सरकार से सवाल पूछ रहा है, जबकि भाजपा सरकार की ओर से मामले में सफाई दी जा रही है। इससे पहले भाजपा के विधायक, कैबिनेट मंत्री और राज्यसभा सांसद प्रेस वार्ताओं के जरिए सरकार और संगठन का पक्ष रख चुके हैं। जवाबों को लेकर उठे सवालों के बाद मंगलवार को मुख्यमंत्री धामी ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए स्पष्ट किया कि सरकार अंकिता के माता-पिता से बातचीत करेगी और उनकी सहमति के अनुसार कानूनी दायरे में जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।
