हल्द्वानी - उंचापुल क्षेत्र में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, नहर की जमीन पर बनी दो मंजिला इमारतें ध्वस्त
हल्द्वानी - शहर के उंचापुल क्षेत्र में लगातार लगने वाले जाम और अतिक्रमण की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चला दिया। सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेई और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और सिंचाई नहर की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई शुरू की।
प्रशासन की जांच में सामने आया कि नहर की भूमि पर अवैध रूप से दो मंजिला इमारतें खड़ी कर दी गई थीं, जिनमें दर्जनों दुकानें संचालित हो रही थीं। इन अवैध निर्माणों के कारण उंचापुल क्षेत्र में अक्सर यातायात बाधित रहता था और जाम की स्थिति बनी रहती थी, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। प्रशासन ने पहले ही इन अवैध निर्माणों को चिन्हित कर संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया था। नोटिस के बावजूद निर्माण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने जेसीबी मशीनों की मदद से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी।
कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक टीम ने अवैध भवनों को तोड़ते हुए नहर की जमीन को कब्जा मुक्त कराने की प्रक्रिया शुरू की। मौके पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेई ने कहा कि शहर में सुचारू यातायात व्यवस्था और सड़क चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाना बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिन लोगों ने अवैध निर्माण किए हैं, वे स्वयं उन्हें हटा लें, अन्यथा प्रशासन द्वारा इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
