हल्द्वानी - भाखड़ा नदी के तेज बहाव में फंसे दो युवक, ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा - Video
हल्द्वानी - नैनीताल जिले के हल्द्वानी के फतेहपुर क्षेत्र में भारी बारिश के बीच सोमवार शाम बड़ा हादसा टल गया। भाखड़ा नदी पार करने के दौरान दो युवक तेज बहाव में फंस गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों की तत्परता और साहस से दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे उनकी जान बच गई।
हल्द्वानी - भाखड़ा नदी के तेज बहाव में फंसे दो युवक, ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा- pic.twitter.com/tcMeH2t6nA
— News Today Network (@newstodaynetwo1) July 28, 2026
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से भाखड़ा नदी पार करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया और तेज बहाव के कारण वे बीच धारा में फंस गए। युवकों को संकट में देख आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने में सफल रहे।
घटना के बाद एक बार फिर फतेहपुर क्षेत्र में स्थायी पुल निर्माण की मांग तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल मानसून के दौरान भाखड़ा नदी उफान पर रहती है, लेकिन अब तक यहां स्थायी पुल का निर्माण नहीं हो सका है। मजबूरी में ग्रामीणों को स्कूल, बाजार, खेती और अन्य जरूरी कार्यों के लिए जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ती है।
स्थानीय निवासी नीरज तिवारी ने बताया कि बरसात के मौसम में इस तरह की घटनाएं हर साल होती हैं। कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से पुल निर्माण की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है।
इधर लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों को पार नहीं करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। मौसम विभाग ने भी जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि बारिश के दौरान नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, इसलिए किसी भी तरह की लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
