उत्तराखंड - खटीमा में धर्मांतरण के दो मामलों का खुलासा, कांग्रेस नेता समेत चार लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

 | 
उत्तराखंड - खटीमा में धर्मांतरण के दो मामलों का खुलासा, कांग्रेस नेता समेत चार लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

रुद्रपुर/खटीमा - ऊधमसिंह नगर पुलिस ने धर्मांतरण से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में कांग्रेस नेता समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त आर्थिक रूप से कमजोर, भोले-भाले और थारू समाज के लोगों को पैसों, इलाज, आर्थिक सहायता और अन्य प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बना रहे थे।

बुधवार को पुलिस कार्यालय में एसएसपी अजय गणपति ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 10 मई को रामपाल निवासी खटीमा ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि जय सिंह राणा, द्रौपदी राणा और सुनील जार्ज पास्टर उर्फ सुनील जार्ज मसीह लोगों को पैसों का लालच, डर और चंगाई सभा के माध्यम से धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहे हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि अभियुक्त उन पर भी लगातार दबाव बना रहे थे और धमकी दी जा रही थी।

इसके अलावा 23 मई को ग्राम दियां निवासी एक महिला एसएसबी जवान ने भी शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का आरोप था कि उसके पति और अन्य लोग उसे जबरन ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बना रहे थे। विरोध करने पर जान से मारने और बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई।


दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए जांच एसआईटी को सौंपी गई। जांच के बाद एसआईटी ने दान सिंह राणा, जय सिंह राणा, द्रौपदी राणा और सुनील जार्ज पास्टर उर्फ सुनील जार्ज मसीह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दान सिंह राणा खटीमा में कांग्रेस पार्टी का विशेष आमंत्रित सदस्य है। अभियुक्तों के कब्जे से मोबाइल फोन, प्रार्थना सभाओं की फोटो एवं वीडियो, आधार कार्ड समेत कई दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा ने आरोपों को राजनीतिक बताते हुए कहा कि दान सिंह राणा पार्टी के सक्रिय सदस्य हैं और वह काफी समय से ईसाई धर्म से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के इशारे पर पुलिस उन्हें जबरन फंसाने का प्रयास कर रही है।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जिले में यदि कोई भी व्यक्ति गरीब, असहाय और भोले-भाले लोगों को लालच, भय या दबाव के माध्यम से धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Group Join Now