हल्द्वानी - दो करोड़ की स्मैक के साथ यहां के दो सगे भाई गिरफ्तार, नैनीताल पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी
हल्द्वानी - मुख्यमंत्री के “मिशन ड्रग फ्री देवभूमि ऑपरेशन प्रहार” के तहत नैनीताल पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.85 करोड़ रुपये मूल्य की 618 ग्राम स्मैक बरामद की है। पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े सगे दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में की गई। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में कोतवाली काठगोदाम व एसओजी नैनीताल की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन को अंजाम दिया। 4 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर पश्चिमी खेड़ा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास निर्माणाधीन भवन के समीप चेकिंग के दौरान दो संदिग्धों को पकड़ा गया। तलाशी में कुल 618 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार अभियुक्त:
गजब सिंह (27 वर्ष), निवासी अटलबंद, धऊ पासा, भरतपुर (राजस्थान) – 311 ग्राम स्मैक
सीताराम (37 वर्ष), निवासी उपरोक्त – 307 ग्राम स्मैक
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक हुंडई ऑरा (RJ05-CC-8027) कार और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद किया। कोतवाली काठगोदाम में एफआईआर संख्या 75/26 के तहत धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में बड़ा खुलासा -
पूछताछ में सीताराम ने बताया कि गजब सिंह उसका सगा भाई है। दोनों राजस्थान से अपने मामा की टैक्सी लेकर हल्द्वानी आए थे। उन्होंने स्मैक “जीतू पैंगोरिया” नामक व्यक्ति से लेकर काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर “रवि” नाम के युवक को देने की योजना बनाई थी। इसके बाद वे मुक्तेश्वर स्थित ससुराल जाने वाले थे। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास -
गजब सिंह के खिलाफ भरतपुर (राजस्थान) में आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2020, 2022, 2023 और 2025 में भी उसके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज हो चुके हैं। पुलिस उसका विस्तृत आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।
वर्ष 2026 में नशा विरोधी अभियान की उपलब्धियां
नैनीताल पुलिस द्वारा वर्ष 2026 में अब तक की गई कार्रवाई—
चरस: 11 मुकदमे, 18 गिरफ्तार, 11 किलो 59 ग्राम बरामद
डोडा: 2 मुकदमे, 3 गिरफ्तार, 20 किलो 337 ग्राम बरामद
स्मैक: 31 मुकदमे, 35 गिरफ्तार, 2 किलो 181 ग्राम 906 मिलीग्राम बरामद
गांजा: 5 मुकदमे, 6 गिरफ्तार, 48 किलो 606 ग्राम बरामद
नशे के इंजेक्शन: 12 मुकदमे, 13 गिरफ्तार, 1023 इंजेक्शन बरामद
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
