हल्द्वानी - 65 लाख की स्मैक के साथ ट्रक ड्राइवर और दर्जी गिरफ्तार, यहां से खरीदकर लाते थे स्मैक
नैनीताल - नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नैनीताल पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने लालकुआं क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 218.04 ग्राम स्मैक बरामद की है। पुलिस के मुताबिक बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 65.40 लाख रुपये है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक ट्रक ड्राइवर और दूसरा बनभूलपुरा क्षेत्र में दर्जी का काम करता है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में नशे की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में लालकुआं पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने छह अक्टूबर को सुभाष नगर बैरियर के पास संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग की। चेकिंग के दौरान टीम ने अल्टो कार संख्या UP24-H-4787 को रोककर तलाशी ली। पुलिस के मुताबिक कार में सवार दो लोगों के कब्जे से कुल 218.04 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नदीम खान उर्फ गण्ठा (36) पुत्र शकील खान निवासी इंद्रानगर पुलिया के पास, सिरौली कला, थाना पुलभट्टा, ऊधमसिंह नगर और मो. शफीक उर्फ शफी (51) पुत्र मो. बल्ली निवासी मोहम्मदपुर, थाना बहेड़ी, जिला बरेली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार नदीम खान ट्रक ड्राइवर है, जबकि मो. शफीक बनभूलपुरा में दर्जी का काम करता है।
बहेड़ी से स्मैक लाने की बात कबूली -
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर स्मैक बहेड़ी से खरीदकर लाने की बात बताई है। पुलिस ने मामले में कोतवाली लालकुआं में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटाने के लिए आगे की जांच की जा रही है। आरोपियों के पूर्व आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 65.40 लाख रुपये है। कार्रवाई को मुख्यमंत्री के ‘मिशन ड्रग फ्री देवभूमि’ और ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नशे की तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई बताया गया है।


