हल्द्वानी - मनमाने चालानों के विरोध में ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो RTO में जमा होंगी गाड़ियों की चाबियां
हल्द्वानी - उत्तराखण्ड देवभूमि ट्रक ऑनर्स महासंघ ने परिवहन एवं पुलिस विभाग द्वारा कथित रूप से की जा रही मनमानी चालानी कार्रवाई और उत्पीड़न के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है। महासंघ ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर 15 दिनों के भीतर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशभर के ट्रक स्वामी अपनी गाड़ियों की चाबियां संबंधित RTO/ARTO कार्यालयों में जमा कर राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेंगे।
महासंघ के पदाधिकारियों ने रविवार को आयोजित बैठक में आरोप लगाया कि पिछले कुछ महीनों से ट्रांसपोर्ट कारोबारियों, वाहन स्वामियों और चालकों के खिलाफ अत्यधिक चालान और कार्रवाई की जा रही है, जिससे परिवहन व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उनका कहना है कि सप्ताह में कई दिनों तक वीआईपी मूवमेंट, पर्यटन और वीकेंड व्यवस्था के नाम पर वाहनों का संचालन बाधित किया जाता है, जिससे व्यवसायियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
महासंघ ने उदाहरण देते हुए कहा कि हाल ही में रामनगर के एक ट्रक स्वामी पर 2.41 लाख रुपये का चालान किया गया, जिसे उन्होंने अनुचित बताया। साथ ही आरोप लगाया कि चलती गाड़ियों में ऑनलाइन चालान और बिना चालक के खड़े वाहनों पर चालान चस्पा करने जैसी कार्रवाइयां नियमों के अनुरूप नहीं हैं।
महासंघ की प्रमुख मांगें -
महासंघ ने राज्य सरकार से ट्रांसपोर्ट नीति में व्यापक सुधार की मांग करते हुए कहा कि सभी पंजीकृत ट्रांसपोर्ट यूनियनों को नीति निर्माण में शामिल किया जाए। इसके अलावा सप्ताह में बाधित संचालन के कारण होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए टैक्स, बीमा और चालक वेतन में राहत, पिछले वर्षों की टैक्स पेनाल्टी में छूट, चालानों के लिए वन टाइम सेटलमेंट योजना लागू करने तथा पहाड़ी क्षेत्रों में वाहन भार क्षमता (GVW) बढ़ाने सहित कई तकनीकी सुधारों की मांग की गई।
महासंघ ने यह भी मांग की कि खनन सामग्री की रॉयल्टी वाहन की वास्तविक क्षमता के अनुसार निर्धारित की जाए तथा सभी प्रमुख प्रवेश द्वारों पर स्वचालित कांटे (ऑटोमेटेड वेट ब्रिज) स्थापित किए जाएं।
महासंघ के अध्यक्ष राकेश जोशी ने कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर सरकार और संबंधित विभागों ने मांगों पर कोई ठोस पहल नहीं की तो "गाड़ी मालिक सड़क पर, गाड़ी यार्ड पर" के संकल्प के साथ प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा और सभी वाहन स्वामी अपनी गाड़ियों की चाबियां RTO/ARTO कार्यालयों में जमा करेंगे।
बैठक में अध्यक्ष राकेश जोशी, रमेश चंद्र जोशी, ललित पाठक, चामू सिंह, विक्रम बिष्ट, भास्कर जोशी, जगमोहन उप्रेती, ग्रीस मेलकानी, करन मनराल, धन सिंह गेलाकोटी, आफताब हुसैन, हरजीत सिंह चड्ढा, शिव सिंह, पूरन चंद्र कांडपाल, राजेंद्र सिंह बिष्ट सहित कई ट्रांसपोर्ट व्यवसायी उपस्थित रहे।
