नैनीताल - घूमने आये सराफा कारोबारी का तीन वर्षीय बेटा होटल की तीसरी मंजिल से गिरा, हल्द्वानी से दिल्ली तक रेफर चली गई जान 

 | 
नैनीताल - घूमने आये सराफा कारोबारी का तीन वर्षीय बेटा होटल की तीसरी मंजिल से गिरा, हल्द्वानी से दिल्ली तक रेफर चली गई जान 

नैनीताल - पर्यटन नगरी नैनीताल में एक दर्दनाक हादसे ने सराफा कारोबारी परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। झाबुआ के एक सराफा कारोबारी का तीन वर्षीय बेटा होटल की तीसरी मंजिल से गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के राणापुर निवासी सराफा कारोबारी विशाल सोनी अपने परिवार और करीब 22 सदस्यों के साथ घूमने के लिए नैनीताल आए थे। परिवार ने मल्लीताल और भवाली रोड क्षेत्र के एक होटल में ठहराव किया था।

रविवार सुबह बच्चा होटल की बालकनी में खेल रहा था, इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह लगभग 20 फीट नीचे गिर गया। गिरते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके परिजन उसे तत्काल बीडी पांडे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।

चिकित्सकों के अनुसार बच्चे की गर्दन की हड्डी और सिर में गंभीर चोटें आई थीं। बेहतर इलाज के लिए उसे हल्द्वानी और बाद में दिल्ली रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। परिजनों के अनुसार दिल्ली पहुंचने से पहले ही बच्चे की सांसें थम गईं, जिसके बाद अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। इस हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है। मासूम के शव को झाबुआ ले जाया जा रहा है, जहां सोमवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा।

स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने इस घटना के बाद होटलों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि बालकनी और ऊंचाई वाले स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम होते, तो शायद यह दुखद हादसा टाला जा सकता था।

WhatsApp Group Join Now