देहरादून - भू-तत्व एवं खनिकर्म विभाग में तीन अधिकारियों के तबादले, हरिद्वार, अल्मोड़ा और देहरादून में मिली नई जिम्मेदारी
देहरादून - उत्तराखंड शासन ने भू-तत्व एवं खनिकर्म विभाग में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए तीन अधिकारियों के स्थानांतरण और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। जनहित और विभागीय कार्यहित में किए गए इन तबादलों के तहत अधिकारियों को अलग-अलग जिलों और निदेशालय में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। शासन की ओर से 19 नवंबर 2026 को जारी कार्यालय ज्ञाप के अनुसार सभी स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
शासनादेश के मुताबिक डॉ. अमित गौरव, उपनिदेशक एवं भूवैज्ञानिक को जिला कार्यालय हरिद्वार से स्थानांतरित कर जिला कार्यालय अल्मोड़ा भेजा गया है। उन्हें अल्मोड़ा में भूविज्ञान से संबंधित कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं, राहुल नेगी, खान निरीक्षक को जिला कार्यालय हरिद्वार में तैनाती दी गई है। उन्हें यहां खनन से संबंधित कार्यों का प्रभार भी सौंपा गया है। इसके अलावा अनिकेत थपलियाल, प्राविधिक सहायक (भूविज्ञान) को जिला कार्यालय अल्मोड़ा से स्थानांतरित कर भू-तत्व एवं खनिकर्म निदेशालय, उत्तराखंड में तैनात किया गया है। उन्हें निदेशालय के कार्यों के साथ जनपद देहरादून में भूविज्ञान संबंधी कार्यों की जिम्मेदारी भी दी गई है।
शासन ने तीनों अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपनी नवीन तैनाती स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करें। साथ ही कार्यभार ग्रहण करने का प्रमाणक सक्षम स्तर से शासन को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत हरिद्वार, अल्मोड़ा और देहरादून में विभागीय कार्यों के संचालन के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।





